फोटो - 02 पुलिस गिरफ्त में आरोपी पति, सास व ससुर। संवाद
कदौरा। थाना क्षेत्र के हांसा गांव में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। नवविवाहिता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या और प्रताड़ना समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के हांसा गांव निवासी सूर्य कुमार की पत्नी ज्योति (25) का शव शुक्रवार रात फंदे से लटका मिला था। ज्योति की शादी 20 अप्रैल 2026 को हुई थी। शादी के महज चार महीने बाद उसकी मौत से मायके पक्ष में आक्रोश है।
मरगायां निवासी मां विजेता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ससुराल वाले आए दिन ज्योति को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और उसके साथ मारपीट करते थे। मां ने आरोप लगाया कि घटना की रात भी पति, सास, ससुर और अन्य लोगों ने ज्योति के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया।
थाना प्रभारी परमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मां की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को आरोपी पति सूर्य कुमार, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।