जालौन। दो सालो के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह भागने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे कस्बे से ही पकड़ लिया। पुलिस मृतका के दोनों भाइयों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गणेशजी निवासी अमित बेलदार उर्फ अमित चौहान पत्नी ज्योति के साथ मोहल्ला नारोभास्कर में रहता था। छह दिसंबर को ज्योति का शव कोतवाली क्षेत्र के खजुरी नहर में पड़ा मिला था। पुलिस ने ग्राम प्रधान खजुरी कमलेश कुमार की सूचना पर शव को बरामद कर मोर्चरी में रखवा दिया था। महिला के पास मिली पर्ची से उसकी शिनाख्त मोहल्ला गणेशजी निवासी ज्योति पत्नी अमित बेलदार के रूप में हुई थी। महिला की गर्दन में चोट के निशान होने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी।
एसपी ने घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों को लगाया था। टीम ने 16 दिसंबर को मृतका ज्योति के भाई शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला उमरारखेड़ा निवासी रामप्रकाश व जितेंद्र उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जबकि मुख्य आरोपी पति अमित फरार चल रहा था। बुधवार को कोतवाली पुलिस टीम ने कस्बे के चुंगी नंबर चार के पास से मृतका के पति अमित बेलदार उर्फ अमित चौहान को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह महाराष्ट्र के जिला पाल घर थाना नाला सुपारा क्षेत्र में रहता था, लेकिन उसकी पत्नी के अवैध संबंधों के चलते वह जालौन में आकर रहने लगा। यहां आकर भी पत्नी की हरकतें नहीं सुधर रही थीं। इस पर उसने ज्योति के भाइयों के साथ मिलकर हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया था।