उरई कोतवाली क्षेत्र के बोहदपुरा निवासी किसान श्रीधर सिंह पुत्र स्व. रामनारायण सिंह के बोहदपुरा स्थित खेत में खड़ी गेहूं की फसल में शुक्रवार दोपहर एक बजे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर जाने से आग लग गई। गांव के मंगल सिंह, सतनाम सिंह ने इसकी सूचना यूपी 100 पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी।
सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गेहूं की काफी फसल जलकर राख हो चुकी थी। किसान ने बताया कि अग्नि कांड में लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उसने कोतवाली पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर एसडीओ, जेई, लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई किए जाने व उसका नुकसान दिलाए जाने की मांग की है।
ट्रांसफार्मर में लगी आग
कालपी। नगर के मोहल्ला निकासा में दोपहर को कागज फैक्ट्री के ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आनन फानन में आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। वहीं ट्रांसफार्मर में आग लगने से कुछ चिंगारियां बगल में स्थित घर में जा गिरी जिससे घर की छत का छप्पर आदि जल गया। आग लगने से घर में खेल रहे दो बच्चे व अन्य परिवार के लोग बाल-बाल बचे। ट्रांसफार्मर में लगी आग से कोई जनहानि नहीं हुई।