पहले से ही सूखे की मार झेल रहे जालौन के किसानों की विपदाएं कम नहीं हो रही हैं। सोमवार की दोपहर रामपुरा थाना क्षेत्र के फतेहपुरा कलां में खेतों में ऊपर से गुजरी एचटी लाइन टूटकर गिर गई। इससे खेतों में खड़ी गन्ने की फसल में आग लग गई। थोड़ी देर में आग ने आसपास के करीब 50 बीघे खेत चपेट में ले लिए। आग लगी देख किसानों में हड़कंप मच गया।
उन्होंने आग बुझाने का प्रयास तो किया पर पानी की कमी के चलते नाकाम रहे। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। रामपुरा थाना के ऊमरी चौकी अंतर्गत आने वाले गांव फतेहपुरा कलां में सोमवार की दोपहर एचटी लाइन टूटकर खेतों में गिर गई। लाइन में करंट
की वजह से खेतों में खड़ी गन्ने की फसल में आग लग गई। इससे शिवनाथ सिंह (ऊमरी) की तीन एकड़, राजनारायण की तीन एकड़, शिवकुमार की तीन एकड़, रामप्रकाश की एक एकड़, रामप्रकाश तिवारी की आधा एकड़, डाल सिंह की दो एकड़, प्रमोद तिवारी की दो एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। इसके साथ ही राममगन कुशवाहा की दो एकड़ की लाही की
फसल भी जल गई। इस दौरान किसानों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन पानी की कमी से कामयाब नहीं हो सके। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू तो पाया पर तब तक काफी देर हो चुकी है। इस हादसे से किसान सदमे में आ गए हैं।
चूल्हे की चिंगारी से छप्पर में लगी आग
कदौरा क्षेत्र के गांव छौंक में सोमवार को चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि आग से घर में रखा करीब 50 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने उप जिलाधिकारी जीएल शुक्ला से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। छौंक निवासी संतोष पुत्र रामरतन ने बताया कि सोमवार की सुबह 10 बजे पत्नी चूल्हे पर खाना बना रही
थी, तभी चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। घटना की सूचना दमकल कर्मियों को दी गई, लेकिन जब तक दमकल पहुंची, तब तक सब कुछ राख हो गया। संतोष ने बताया कि आग से आठ क्विंटल गेहूं, 15 क्विंटल भूसा भी राख हो गया।