गांव मल्लाहानपुर में गुरुवार की दोपहर एक घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर दस साल की बालक गंभीर रूप से झुलस गया। गृहस्थी का सारा सामान राख हो गया। इस हादसे में लगभग दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
गांव मल्लाहानपुर में गुरुवार की दोपहर लगभग एक बजे गांव के बाहर बने शिवशंकर के कच्चे मकान में आग लग गई। आग की लपटों ने थोड़ी ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। यह देख गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टी से पानी फेंक कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लेकिन तब तक घर में रखे 20 हजार रुपये नकद, जेवर, कपड़े व अन्य सामान जलकर राख हो गया। शिवशंकर ने बताया कि वह पूरे परिवार समेत खेतों में काम करने गया था।
घर पर दस वर्षीय विकास सो रहा था। आग की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने की की सूचना पाकर लेखपाल लाखन सिंह वर्मा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन किया।