माधौगढ़। जयमाल के दौरान दुल्हन के साथ आई सहेलियों की बरातियों के सेल्फी लेने में वर और वधू पक्ष में कहासुनी होने लगी। देखते देखते लाठी-डंडा और कुर्सियां चलने लगे। इसमें दुल्हन, दुल्हन के पिता, भाई एवं चचेरा भाई घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं हुड़दंग कर रहे वर पक्ष के 12 युवकों को हिरासत में ले लिया गया हैं। घर के लोगों को घायल देख दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे बरातियों में अफरातफरी मच गई हैं। कोतवाल अजय कुमार अवस्थी का कहना हैं कि किसी पक्ष से तहरीर नहीं आई हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव सोप्ता निवासी किसान दर्शन दोहरे की पुत्री शिकीं (19) की शादी जालौन के मोहल्ला दलालनपुरा निवासी बबलू दोहरे के पुत्र कोमल के साथ तय हुई थी। कोमल बरात लेकर गुरुवार को शालिनी गेस्ट हाउस माधौगढ़ आया था। देर रात दुल्हन शिकीं अपनी छह सहेलियों के साथ जयमाल के लिए जा रही थी। बरात में आए कुछ युवकों की दुल्हन की सहेलियों की सेल्फी को लेकर कहासुनी होने लगी। देखते-देखते जनाती बरातियों में लाठी-डंडा व कुर्सी चल गई। इसमें दुल्हन शिकीं, पिता दर्शन दोहरे (52) को चोट आई। वही भाई राहुल (25) व चचेरे भाई सतेंद्र (23) के सिर में गहरी चोट आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने बरात पक्ष से हुड़दंग कर रहे चिराग व छोटू निवासी मोहल्ला दलालनपुरा, करन सिंह निवासी कुनियापुरा, पवन कुमार निवासी मोहल्ला खंडेराव, विनय प्रताप सिंह मोहल्ला चिमनदुबे, शिवकुमार निवासी पडिंतपुर कुठौंद, आशुतोष निवासी अडांई, संदीप निवासी मालवीयनगर को हिरासत में ले लिया हैं।