कुठौंद। हाईवे पर खड़ी डीसीएम में कार अनियंत्रित होकर घुस गई। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस को सूचना देकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ केंद्र कुठौंद पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रुप से घायल पिता को जिला अस्पताल पहुंचाया। जबकि मामूली चुटहिल पुत्र को छुट्टी दे दी गई। डीसीएम चालक मौके से भाग गया है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के जालौन औरैया हाईवे पर गुरुवार की सुबह ग्राम इटाहा के पास स्थित ढाबे के सामने खड़ी डीसीएम में कार घुस गई। इसमें कार सवार नासिर खांन (51) निवासी जालौन व उनका पुत्र चुटहिल हो गया। सूचना पाकर पहुंची शंकरपुर चौकी पुलिस ने घायलों को स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद पहुंचाया। जहां नासिर की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। जबकि कार चला रहे नासिर के बेटे को मामूली चोट आई हैं। (संवाद)