माधौगढ़। कोरोना गाइडलाइन से मरीजों के लिए अस्पतालों की ओपीडी की सेवाएं बंद हैं। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में बुखार का प्रकोप चरम पर है, जिसके चलते मरीजों को झोलाछाप से इलाज कराना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि गांव के झोलाछाप की क्लीनिक पर सुबह से लेकर रात तक खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की लाइन लगी रहती है।
बता दें कि कोविड संक्रमण के चलते शासन के निर्देश पर सभी अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई हैं। पंचायत चुनाव निपटने के बाद ग्रामीण इलाकों में ही कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। शायद ही कोई गांव हो जहां वायरल बुखार, खांसी, जुकाम के मरीज बड़ी संख्या में न हो। इनमें कौन संक्रमित है या नहीं बिना जांच पता नहीं चल पा रहा है। पूर्व फौजी मोहन सिंह, सुघर सिंह व माताप्रसाद आदि का कहना है कि सरकार लाखों रुपये अस्पतालों में खर्च कर रही है। बावजूद इसके ओपीडी बंद है। इस बारे में सीएमओ डॉ ऊषा सिंह का कहना है कि लगभग सभी गांवों में टीमें सर्वे कर न सिर्फ बीमारी का पता लगा रही हैं बल्कि संक्रमितों को अस्पताल भी पहुंचाने का काम कर रही है। कहीं से भी झोलाछाप की शिकायत मिलेगी तो उस पर कार्रवाई भी अवश्य होगी।
---
ग्रामीण इलाकों में दौड़ी अफसरों की टीमें
माधौगढ़। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गुरुवार को बीहड़ क्षेत्र के छह गांवों का निरीक्षण किया। गांवों में मौजूद कर्मचारियों को टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश दिए। चिकित्सा प्रभारी डा विनोद कुमार राजपूत, बीडीओ दीपक कुमार यादव व एडीओ पंचायत छेदालाल ने ब्लाक के गांव मींगनी, हिम्मतपुरा, ऊंचा, खराला, झरैला, भीमनगर, मढा आदि गांवों का निरीक्षण किया। बीडीओ दीपक कुमार यादव ने कर्मचारियों से कहा कि नव निर्वाचित प्रधान, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्यों की मदद से ग्रामीणों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। (संवाद)
----
बाजारों में घूमकर दुकानदारों को चेताया
माधौगढ़। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए शासन ने कोरोना कर्फ्यू लगा दिया है। अधिकारियों के सख्त निर्देश है कि जरूरी सुविधाओं के अलावा कोई भी दुकानदार दुकान नहीं खोलेगा। माधौगढ़ कसवां में परचून, सब्जी दुकानों के अलावा दुकानदार दुकान खोलें रहते हैं। दुकानदारों की शिकायत पर गुरुवार एसडीएम सालिकराम, सीओ शाहिदा नसरीन पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गई। दुकानदारों को आगाह किया कि जो भी दुकानदार गाइडलाइन का पालन नही करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)