जालौन। चुनावी माहौल में सरकार घर-घर पहुंच बनाने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ अधिकांश लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। इसी क्रम में जिले में राशन पाने वाले अंत्योदय कार्ड धारकों को आयुष्मान कार्ड बनवाने की कवायद की जा रही है। जिले की 30 ग्राम पंचायतों के कार्ड धारकों का आयुष्मान कार्ड बनाने की तैयारी है।
सीएमओ डॉ. नरेंद्र देव शर्मा ने बताया कि जिले में 37 हजार अंत्योदय राशनकार्ड धारक परिवारों के 1.24 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं। अभी तक 13 हजार लाभार्थियों के कार्ड बन चुके हैं। इसमें तेजी लाने के लिए डीएम प्रियंका निरंजन ने जिला पूर्ति अधिकारी को शासन के निर्देशानुसार वितरण केंद्रों पर ही शिविर लगाकर शत प्रतिशत लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। डीएसओ कार्यालय की ओर से सबसे पहले उन 30 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इसमें राशनकार्ड धारक लाभार्थी परिवार हैं। कॉमन सर्विस सेंटर के वीएलई एवं पंजीकृत अस्पतालों के आयुष्मान मित्रों के सहयोग से कार्ड बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
------
पहले की परिवारों को सूचित किया जाएगा
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आशीष कुमार झा ने बताया कि राशन वितरण के दिनों में ही वितरण केंद्र पर ही कोटेदार की मदद से समस्त अंत्योदय कार्डधारक परिवारों के सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए पहले ही सूचना पहुंचाकर उन परिवारों को शिविर में आमंत्रित किया जाएगा।
------------
इन केंद्रों पर बनेंगे आयुष्मान कार्ड
डकोर ब्लाक में डकोर, मोहम्मदाबाद, खरुसा, सैदनगर, कदौरा ब्लाक में अकबरपुर, बागी, बबीना, चतेला, कोंच ब्लाक में बरौदा कला, कोटरा, कुठौंद ब्लाक में कुठौंद, सिरसाकलार और भदेख, माधौगढ़ ब्लाक में सरावन, मडोरी, महेबा ब्लाक में अटरा कला, बाबई, नदीगांव ब्लाक में बंगरा, कैलियाण रामपुरा ब्लाक में टीहर, मई, जगम्मनपुर में वीएलई के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। कुसमिलिया, डकोर, परेथा, कोंच, मुसमरिया, महेवा, परासन कदौरा के खकसीस, नदीगांव के उदोतपुरा, रामपुरा, सीकरी राजा, जालौन के गोराभूपका, माधौगढ़ में आयुष्मान मित्र आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। जनपद के समस्त पंजीकृत राजकीय व निजी चिकित्सालय में भी आयुष्मान मित्र से संपर्क करके लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
-----------
परिवार के सभी सदस्यों ने बनवाया आयुष्मान कार्ड
अंत्योदय कार्ड धारक कदौरा ब्लाक के कुनहेटा निवासी मिथलेश ने बताया कि उनके और उनके परिवार के सदस्यों का आयुष्मानकार्ड मंगलवार को शिविर में बन गया है। साथ ही कार्ड के लाभ बताए गए हैं। और अस्पतालों के नाम की भी जानकारी दी गई है। उनके पांच सदस्यों का कार्ड बन गया है।