चोरी की घटना के बाद बिखरा सामान दिखाती महिला
- फोटो : ORAI
कोंच। कस्बा के जवाहर नगर में सोमवार की रात चोरों ने एक घर से हजारों की नकदी पार कर दी। जबकि दो घरों में चोरी का प्रयास किया। परिजनों के जाग जाने पर चोर मौके से भाग गए। घटना की सूचना पीड़ित परिवार ने पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जवाहर नगर निवासी शिवम ने बताया कि मंगलवार को उसके पिता की त्रयोदशी है। इसमें शामिल होने के लिए उसकी बहन व कई रिश्तेदार उसके घर आए हैं। सोमवार की रात परिवार के लोग घर में सो रहे थे। उसी दौरान चोर उसके घर में घुस आए और बहन के पर्स में रखे ढाई हजार रुपये लेकर भाग गए। इसके बाद चोरों ने पड़ोस में रहने वाले जितेंद्र कुशवाहा के घर के मेन गेट की कुंडी खोली और भीतर घुस गए। चोर ने कमरे में रखा बक्सा व बैग उठाकर आंगन में रख लिया। इसके बाद बक्से का ताला तोड़ने लगे। इसकी आवाज सुनकर जितेंद्र की पत्नी जाग गई। उनके शोर मचाने पर चोर खाली हाथ ही भाग गए। इसी मोहल्ले में रहने वाले जीतू के घर भी चोरी करने का प्रयास किया। परिजनों जागने पर चोर यहां से भी खाली हाथ भागना पड़ा। चोरों के एक रात में ही तीन घरों को निशाना बनाने से मोहल्ले के लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि पुलिस के प्रभावी तरीके से गश्त न करने पर बेखौफ चोर एक के बाद एक घटना को अंजाम दे रहे हैं।