कोंच। नगर पालिका परिषद की ओर से संचालित कान्हा गौशाला में व्यवस्थाओं की जांच पड़ताल के लिए शनिवार को एसडीएम रामकुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अव्यवस्थाएं देख एसडीएम नाराज हुए और उन्होंने मौजूद कर्मचारियों को फटकारा।
एसडीएन ने बताया कि गोशाला में मवेशी तो मिले पर उनके चारे और पानी का पर्याप्त इंतजाम नहीं था। इसके लिए वहां मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि न सिर्फ चारे पानी का इंतजाम करें। बल्कि टिनशेड की मरम्मत कराए। जहां आवश्यकता हो वहां तिरपाल भी डलवाए। मवेशी सर्दी में बिल्कुल भी नहीं रहने चाहिए। निर्देश दिए कि यदि ठंड अथवा भूख प्यास से अगर एक भी गौवंश की मौत हुई तो इसकी जवाबदेही तैनात कर्मचारियों की होगी। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साफसफाई की अव्यवस्थाओं पर भी एसडीएम ने कर्मियों को फटकारा। कहा कि गौवंशों को बाहर न निकलने दें ताकि किसानों की फसलें सुरक्षित रह सकें। एसडीएम रामकुमार ने ग्रामीणों व पशुपालकों से कहा कि वे अपने मवेशियों को घर में बांधें ताकि वे खेतों में नुकसान न कर पाएं। जिसके मवेशी सड़कों पर अन्ना घूमते मिले तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
--------------
एसडीएम ने सफाई नायकों के भी पेंच कसे
कोंच। एसडीएम रामकुमार ने शनिवार को सुबह नगर में निकल कर साफ सफाई व्यवस्था देखी। साथ ही पालिका के चारों सफाई नायकों को बुलाकर नगर की लचर व्यवस्था को जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। कहा कि डेंगू जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए सोमवार से वह स्वयं अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था परखेंगे। कहीं भी गंदगी मिलने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
----------------