उरई (जालौन)। औरैया में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपी सपा एमएलसी कमलेश पाठक के भाई रामू पाठक को मंगलवार दोपहर कड़ी सुरक्षा के बीच जिला कारागार लाया गया। रामू को जेल की बैरक नंबर एक में रखा गया है। जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि बैरक की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है।
बता दें कि औरैया कस्बे के नारायणपुरा मोहल्ले में रविवार दोपहर पंचमुखी हनुमान मंदिर की कीमती जमीन को लेकर हुए विवाद में वकील मंजुल चौबे और उनकी बहन सुधा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी सपा एमएलसी कमलेश पाठक, उनके भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख संतोष पाठक, रामू पाठक, गनर अवनीश प्रताप सिंह, आशीष दुबे, भागवताचार्य लवकुश उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के अनुसार रामू पाठक पर औरैया कोतवाली में हिस्टीशीट 143-ए के अंतर्गत सात गंभीर मामले दर्ज है। मंगलवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ उरई जिला कारागार पहुंचाया।
किनारा किए रहे जनपद के सपाई
वैसे तो जनपद के कई सपाई एमएलसी के संपर्क में माने जाते थे लेकिन मंगलवार को जब उनके भाई रामू को पुलिस जिला कारागार लेकर पहुंची तो कोई भी सपाई कारागार के आसपास नहीं दिखा। पुलिस के अनुुसार, जिले के कुछ सपा नेताओं व रामू से मिलने जुलने वालों पर भी पूरी निगाह रखी जाएगी।