मुहम्मदाबाद। उरई-मुहाना हाईवे में विभाग की लापरवाही हरिजन बस्ती के बाशिंदों को भारी पड़ रही है। हालत यह है कि बस्ती के साथ ही खेतों में पानी भर रहा है। जिससे खेती को तो नुकसान हो ही रहा है, साथ ही बस्ती में पानी भरने से आवागमन में भी परेशानी हो रही है। जलनिकासी का इंतजाम न होने से लोग परेशान हैं।
दो दिन से बारिश से लोग वैसे ही परेशान हैं। लोगों की परेशानी उरई मुहाना हाईवे विभाग की कार्यदाई संस्था की लापरवाही ने और बढ़ा दी है। पुलिया निर्माण के दौरान पानी की निकासी का इंतजाम न होने से सड़क के दोनों ओर पानी भर रहा है। एक तरफ का पानी गांव की हरिजन बस्ती (टंकी के पास) जा रहा है तो दूसरी ओर खेतों में खड़ी फसल को तबाह कर रहा है। जलभराव की समस्या से नाराज ग्रामीण सतानंद वर्मा, इस्लाम खान, ओमप्रकाश अतरौलिया, पप्पू खान, सियाशरण वर्मा, झल्लू शाह आदि ग्रामीणों ने नारेबाजी भी की। इन लोगों का कहना है कि उनके घरों के जलभराव हो गया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। न तो प्रधान सुन रहे हैं और न ही हाईवे के अधिकारी।
बच्चों को गोद में लेकर निकलना पड़ता है
सियाशरण वर्मा का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों को भी दिक्कत हो रही है। कई बार छोटे बच्चों को तो गोद में लेकर निकालना पड़ता है। कई बार बच्चे पानी में गिर चुके हं। हम लोग घर पर नहीं होते है तो बच्चे स्कूल भी नहीं जा पाते हैं।
बीमार होने पर बढ़ जाती है दिक्कत
विक्रम सिंह कहते हैं कि रात में सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बिजली न आने पर मुसीबत और बढ़ जाती है। रास्ते में इतना पानी भरा हुआ है कि रात में अगर कोई बीमार हो जाए तो अस्पताल तक ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
घरों में घुस रहा गंदा पानी
गांव के अंदर सफाई न होने से नालियां भरी हुई है। जिससे नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है और घरों में भी घुस रहा है। गंदगी के कारण लोगों का बैठना दुश्वार है। कई बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है।
विक्रम सिंह- फोटो : ORAI
सिया शरण वर्मा- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद गांव के अंदर सड़क पर बहता पानी- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद में जलभराव से परेशान ग्रामीण नारेबाजी करते- फोटो : ORAI