उरई। जिले में कोरोना वैक्सीन की किल्लत हो गई है। इस कारण मंगलवार को बड़ी संख्या लोग वैक्सीन लगवाने के लिए गए पर मायूस होकर लौटना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी इस बात का सही जवाब नहीं दे रहे हैं कि वैक्सीन कब तक आएगी।
बता दें कि जब तक 45 प्लस वालों का टीकाकरण चला तब तक वैक्सीन की समस्या नहीं हुई। पर जैसे हही पहली जून से 18 प्लस का टीकाकरण शुरू हुआ, समस्या आने लगी। शनिवार तक तो स्थिति ठीक रही। सोमवार की दोपहर के बाद से वैक्सीनेशन का काम बंद हो गया। तबसे समस्या है। मंगलवार को बूथों पर वैक्सीन नहीं पहुंची। इक्का दुक्का बूथों पर दूसरी डोज वाली वैक्सीन पहुंची, वह भी समाप्त हो गई। इसके बाद वैक्सीन की समस्या बढ़ गई है। सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि अब तक 2.42 लाख लोगों को पहली डोज लगवाई जा चुकी है। जबकि 25 हजार से ज्यादा लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। वैक्सीन की कमी है पर डिमांड भेजी गई है। कब तक आएगी। इस बारे में नहीं बता सकते हैं। उधर दिनेश, अनुराग, मनोज आदि कई लोगों ने बताया कि वह वैक्सीन लगवाने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण कराने पहुंचे लेकिन हो नहीं सका।
------------
वैक्सीन खत्म, आज भी नहीं लगेगी
कोंच। ब्लॉक एवं नदीगांव कस्बे और ब्लॉक में मंगलवार को किसी भी वैक्सीनेशन सेंटर पर टीका नहीं लगाया गया। सीएचसी कोंच प्रभारी डॉ आरके शुक्ला ने बताया कि वैक्सीन का एक भी डोज उपलब्ध नहीं होने के कारण न तो शिविरों का आयोजन किया गया और न ही सीएचसी पर टीके लगाए जा सके हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को भी टीकाकरण नहीं होगा। टीकाकरण के काम में लगीं स्वास्थ्य टीमों को दो दिन महिलाओं और बच्चों को लगने वाले टीके लगाने के काम पर लगाया गया है।