पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी की जांच करते डॉ. विकास।
- फोटो : ORAI
उरई। कोरोना वायरस के चलते शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोतवाली परिसर में मौजूद पुलिस कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की और नार्मल पाए जाने पर होम्योपैथिक दवा भी पिलाई। वहीं पुलिस कार्यालय में भी सौ पुलिस कर्मियों की स्क्रीनिंग कर दवा पिलाई गई।
कोरोना वायरस को लेकर सचेत स्वास्थ्य कर्मियों ने शनिवार को शहर कोतवाली परिसर में पहुंचकर दरोगा, सिपाही, महिला आरक्षियों व होमगार्डाें की थर्मल स्क्रीनिंग की और दवा भी पिलाई। कोतवाली में डा.विकास चतुर्वेदी ने लगभग 50 पुलिस कर्मियों का परीक्षण किया। जिसमें सभी पुलिस कर्मी सामान्य पाए गए। डाक्टर ने बताया कि अगर शरीर का तापमान 97.4 है तो कोई दिक्कत नहीं है और अगर 98 से अधिक है तो जुकाम बुखार की संभावना पाई जाती है। इसके लिए डाक्टरी परीक्षण करवाना जरूरी होता है। वहीं पुलिस आफिस में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लगभग एक सैकड़ा पुलिस कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा पिलाई।