कालपी(जालौन)। शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने हाईवे किनारे आधा दर्जन दुकानों और ढाबे को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से कब्जा करने वालों में खलबली मच गई। वहीं, अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों की अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराया।
झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह लोगों ने कब्जा कर स्थायी और अस्थायी निर्माण करा लिया है। इसकी वजह से इन स्थानों पर हाईवे की सड़क संकरी होती जा रही है। इससे आए दिन जाम की नौबत रहती है। यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। स्थानीय लोग कई बार अतिक्रमण हटाने की मांग कर चुके हैं।
शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने जेसीबी मशीनों से अस्थायी और व स्थायी अतिक्रमण को ध्वस्त करा दिया। टीम सबसे पहले गल्ला मंडी गेट पर पहुंची। राजमार्ग के किनारे प्राधिकरण की भूमि पर दुकानें और ढाबा अवैध मिला। इन्हें ध्वस्त करा दिया गया। इस बारे में हाईवे आथॉरिटी के जनसंपर्क अधिकारी डीएन तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे प्राधिकरण की भूमि पर कब्जे को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमण और कब्जों को ध्वस्त करा दिया जाएगा।