कालपी (जालौन)। बाजार क्षेत्र में सर्वोदय स्कूल के सामने नाले में गिरने से किराना दुकानदार की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यमुना नदी के पार ग्राम दौलतपुर थाना भोगनीपुर जिला कानपुर देहात निवासी कमलेश निषाद (50) पुत्र रामनाथ निषाद घर में परचून की छोटी दुकान चलाता था। सोमवार को लॉकडाउन के दौरान कमलेश साइकिल से आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी करने कालपी बाजार आया था। साइकिल में माल लादकर जब वह घर लौट रहा था। इसी दौरान टरननगंज बाजार स्थित सर्वोदय विद्यालय के सामने बने नाले में अनियंत्रित होकर गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर एसडीएम कौशल कुमार, सीओ राहुल पांडे, कोतवाल मानिकचंद पटेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि लगभग पांच माह इसी नाले में गिरकर राजेश निवासी कागजीपुरा की भी मौत हो गई थी।