आटा (जालौन)। पारीछा से कोयला लादने जा रही खाली मालगाड़ी संख्या डीसीएन 18 एमटी बॉक्स (खाली) के पीछे से 12वीं बोगी की कपलिंग खुल गई, जिससे मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई।
ट्रेन चालक ने मालगाड़ी को आटा रेलवे स्टेशन खंभा 1255/26 पर रोक दिया। जानकारी मिलते ही आटा रेलवे फाटक बंद कर दिए गए। करीब 30 मिनट तक फाटक बंद रहने से आटा-इटौरा मार्ग पर जाम लग गया।
बुधवार शाम पांच बजकर 44 मिनट पर पारीछा (झांसी) से कोयला लादने जा रही मालगाड़ी संख्या डीसीएन 18 एमटी बॉक्स (खाली) जैसे ही आटा रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित खंभा संख्या 1255/26 के पास से गुजरी अचानक मालगाड़ी के पीछे से 12वीं बोगी की कपलिंग खुल गई। कपलिंग खुलते ही मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। ट्रेन चालक को इसकी जानकारी हुई तो उसने तत्काल गाड़ी को रोक दिया और जानकारी आटा स्टेशन मास्टर अंबुज कौशल को दी।
ट्रेन दो हिस्सों में बंटने से आटा रेलवे फाटक बंद कर दिए गए। घटना आटा स्टेशन के होम सिग्नल के पास हुई। घटना की सूचना स्टेशन मास्टर ने कंट्रोलरूम झांसी और आरपीएफ को दी। करीब 30 मिनट तक फाटक बंद रहने से आटा-इटौरा मार्ग पर जाम लग गया। जाम हाईवे तक पहुंच गया, जिससे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंस गए। मालगाड़ी में आई कमी को सवा छह बजे ठीक कराकर गंतव्य की ओर रवाना किया गया। इसके चलते पनवेल एक्सप्रेस को भी रोककर चलाया गया।