उरई। एट कस्बे के मुख्य बाजार निवासी गरिमा अग्रवाल का चयन इनकम टैक्स ऑफिसर के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से कस्बे और जिले में खुशी की लहर है।
गरिमा अग्रवाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा उरई स्थित महर्षि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से पूरी की। वर्ष 2022 में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लखनऊ चली गईं।
तीन वर्ष पहले उनका पहला चयन अहमदाबाद में पोस्ट ऑफिस में निरीक्षक पद पर हुआ लेकिन उन्होंने एक माह बाद ही नौकरी छोड़ दी। इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा में पीओ पद पर चयन हुआ, जिसे उन्होंने ज्वाइन नहीं किया। फिर उनका चयन केंद्रीय विद्यालय, कानपुर में प्रवक्ता के पद पर हुआ, जहां उन्होंने शिक्षण कार्य करते हुए भी अपनी पढ़ाई जारी रखी। इसी दौरान सेंट्रल बैंक में भी पीओ पद पर चयन हुआ।
लगातार प्रयास और दृढ़ संकल्प के चलते आखिरकार गरिमा अग्रवाल ने इनकम टैक्स ऑफिसर का पद हासिल कर लिया।
गरिमा एक मध्यवर्गीय परिवार से हैं। उनके पिता शिवकुमार अग्रवाल स्थानीय व्यापारी हैं जबकि माता रेखा अग्रवाल गृहिणी हैं। गरिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने बाबा राधेलाल अग्रवाल, माता-पिता और परिवारजनों को दिया है। परिजनों का कहना है कि गरिमा बचपन से ही मेधावी रही हैं और उन्होंने कभी पढ़ाई से समझौता नहीं किया।