एट। बीमारी से तंग आकर लोडर चालक ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो उसे फंदे पर लटका देख कोहराम मच गया। चालक का डेढ़ वर्ष पहले सड़क हादसे में कमर का गुल्ला टूट गया था। तबसे लगातार इलाज से वह परेशान था।
कोटरा थाना क्षेत्र के कुरुकुरू गांव निवासी विष्णु दयाल (45) लोडर चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। लेकिन जुलाई 2023 में वह झांसी से उरई लोडर लेकर आ रहा था। तभी चिरगांव ट्रक की टक्कर से उसकी कमर का गुल्ला टूट गया था। तभी से उसका लगातार इलाज चल रहा था। हादसे के बाद से उसकी पत्नी विमला भी उसे छोड़कर चली गई थी। बीमारी की हालत में वह एक पुत्र व पुत्री के साथ घर में रह रहा था। गुरुवार रात उसने कमरे में लगे हुक से रस्सी का फंदा बनाकर जान दे दी। पुत्र जब कमरे में पहुंचा तो पिता को फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल गई। थाना प्रभारी विमलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच पड़ताल की जा रही है।