उरई। चार दिन पूर्व पहले हुई हत्या के मामले का खुलासा करते हुए कोंच कोतवाली पुलिस ने आरोपी दोस्त को पकड़ लिया। एएसपी डॉ. अवधेश सिंह ने बताया कि आरोपी ने शराब के लिए 50 रुपये न देने पर गमछे से गला घोंट कर हत्या की थी। निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद कर लिया है।
बीती 15 जून को कोच कस्बे के मोहल्ला आराजी लेन निवासी इकराम पुत्र इसहाक की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया था। मृतक के भतीजे कल्लू ने विनोद अहिरवार, जगदीश और मूंगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी विनोद अहिरवार को शुक्रवार को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। एएसपी ने बताया कि घटना वाली रात वह और इकराम खेत में शराब पीने गए थे। जहां इकराम ने उसे शराब लाने के लिए 50 रुपये नहीं दिए। इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसमें उसने गमछे से गला घोंटकर इकराम की हत्या कर दी। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल इमरान खान, राजेश सिंह, अजीत सिंह, बदल सिंह, निशा आदि शामिल रहे।