जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी गांव में एक ही रात में दो घरों में चोरी के मामले में पुलिस ने घर के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें चार संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस उनकी पहचान कर तलाश में जुटी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकोढ़ी दुबे निवासी दिलीप वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह उरई स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। तीन मई की रात करीब आठ बजे वह ड्यूटी पर चले गए। घर में पत्नी सरिता, मां मीना व छह माह की बेटी थीं। रात करीब दो बजे पत्नी को आहट हुई कि घर में कोई घुसा है। जब वह कमरे में पहुंची तो अलमारी का सामान बिखरा पडा था। सूटकेस चेक करने पर पता चला कि 250 ग्राम चांदी, मंगलसूत्र, कान के कुंडल, तीन जोड़ी बिछिया, दो सोने के ओम व 10000 रुपये नकद चोरी हो गए थे। बताया कि उसी रात गांव के ही शिवम चौधरी के यहां से भी चोरों ने चांदी की कमरबंद, पायल, चांदी का चूड़ा, एक ओम चोरी किए थे। गृहस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीण रामकुमार, विनोद आदि ने रात के समय गांव में पुलिस की गश्त कराने की मांग की है। सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव में कुछ स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। इनमें चार संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहे हैं। उनकी जानकारी की जा रही है।