कालपी। कोतवाली क्षेत्र में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पति को प्रेमजाल में फंसाकर 20 लाख रुपये हड़पने और अब 25 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ कालपी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गुलौली गांव निवासी तरमीम खातून पत्नी निसार बेग ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उनके पति वाहन चलवाने का काम करते हैं। वर्ष 2022 में सोशल मीडिया के माध्यम से कदौरा निवासी एक महिला ने उनके पति से दोस्ती कर उन्हें प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद महिला ने अवैध रूप से धन की मांग शुरू कर दी।
डर और सामाजिक बदनामी के भय से उनके पति ने कई बार महिला को रुपये दिए, लेकिन उसकी मांग लगातार बढ़ती चली गई। वादिनी के अनुसार आरोपी महिला ने विभिन्न बैंक खातों और नगद के माध्यम से उनके पति से करीब 20 लाख रुपये वसूल लिए, जिसके साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए हैं। बाद में पति अवसाद में चले गए, तब पूरे मामले की जानकारी परिवार को हुई।
आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में उक्त महिला के साथ उसके भाई, भाभी और बहन, सभी निवासी कदौरा भी शामिल हैं। अब आरोपी 25 लाख रुपये की और मांग कर रहे हैं और रकम न देने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पति पहले से ही कई बैंकों के कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं।
पुलिस ने तहरीर पर कदौरा निवासी शहनाज, जीशान, मन्तशा और सोनल के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी का कहना है कि जांच की जा रही है।