उरई। कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इसका कारण लोगों की लापरवाही भी है। मंगलवार को भी 227 केस निकले। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5458 हो गई है जबकि अब तक एक दिन मेें सर्वाधिक चार लोगों की मौत भी हुई है। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 60 हो गई। दूसरी ओर 4376 मरीज ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 1022 एक्टिव केस हैं।
जिला प्रशासन की ओर से देर रात जारी रिपोर्ट के मुताबिक, उरई तहसील में सर्वाधिक मरीज 115 केस निकले हैं। इसके अलावा जालौन तहसील में 21, कोंच में 35 केस, कालपी में 27 केस, माधौगढ़ तहसील क्षेत्र में 28 मरीज मिले हैं। मंगलवार को कोरोना से ठीक होने वाले 138 मरीजों को छुट्टी दी गई। अब तक 3,48,132 सैंपल लिए गए हैं। मंगलवार को 696 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
सीएमओ डॉ ऊषा सिंह का कहना है कि कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। बेवजह घरों से बाहर न निकले। मास्क पहनकर और सामाजिक दूरी का पालन करें। हाथों को सैनिटाइजर और साबुन से धोते रहे। बाहर से आने वाले लोगों की कोरोना जांच जरूर कराएं। इसके अलावा खांसी, जुकाम के मरीजों की भी कोरोना जांच करानी चाहिए।