एट (जालौन)। गोशाला में गायों की मौतों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को हुई 10 गायों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि गुरुवार को एक बार फिर पिंडारी गोशाला में चार गायों की मौत हो गई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिंडारी गोशाला में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं है। वहीं चार गायों की मौत की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम व खंड विकास अधिकारी ने प्रधान को कड़ी फटकार लगाते हुए गोशाला की व्यवस्थाएं ठीक करने का निर्देश दिए। एसडीएम ने निर्देश दिए कि किसी भी कारण से गोशाला में गायों की मौत नहीं होनी चाहिए। गोशाला में गायों को सर्दी से बचने के लिए टिन शेड व तिरपाल की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
एसडीएम अशोक कुमार का कहना है कि गोशाला में सिर्फ दो गायों की मौत बीमारी से हुई है। व्यवस्थाओं के लिए प्रधान को निर्देशित कर दिया गया है। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी दीपक यादव, एट थाना अध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी, ग्राम प्रधान टेंपल पालीवाल एवं प्रधान पति राजेंद्र पालीवाल सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।