सूदखोरों से परेशान युवक के दो दिन पूर्व फ ांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में मृतक की पत्नी ने गांव के चार लोगों पर पति को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है और कोतवाली में तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि ये लोग पति को डरा धमकाकर रुपये एेंठते थे और न देने पर मारपीट कर बेइज्जत भी करते थे। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकरीराजा निवासी मनोरमा देवी पत्नी स्व. अरुण कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार सहित नगर के मोहल्ला भवानीराम में रहती है। गांव में कुछ खेती है, जिसके चलते उसके पति अरुण कुमार व ससुर रामप्रकाश खेती की देखभाल के लिए आया-जाया करते थे। गांव के चार लोग उसके पति को डरा धमकाकर रुपये ऐंठते थे। इसकी जानकारी पति उसे देते थे। 28 फरवरी को भी उसके पति व ससुर रामप्रकाश खेती के काम से गांव गए थे। उसी रात करीब 10 बजे उसके पति व ससुर जब खेत पर जा रहे थे, तभी उक्त चारों ने उन्हें रास्ते में रोका और पति से 10 हजार रुपये की मांग कीे।
पति ने जब रुपये देने में असमर्थता जताई तो उक्त चारों ने मिलकर गाली, गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद पति ने गांव के कुछ लोगों से निराश होकर कहा था कि उनकी काफी बेइज्जती हुई है। ऐसे में वह किसी को मुंह दिखाने के काबिल नहीं रहे। इतनी बेइज्जती के बाद वह जीना नहीं चाहते। इसके बाद रात में उसके ससुर खेत पर रुक गए थे। सुबह जब वह खेत से लौटकर घर आए तो घर का दरवाजा नहीं खुला और घटना की जानकारी हुई। कोतवाली प्रभारी फुंदनलाल ने बताया कि मृतक की पत्नी ने जो तहरीर दी है, उसके आधार पर जांच की जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।