कोंच। नदीगांव कस्बे में पेट्रोल पंप से चार सीसीटीवी कैमरे चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ज्वार के खेत से चोरी किए गए चारों कैमरे भी बरामद कर लिए। पुलिस ने पूछताछ के बाद चारों को न्यायालय में पेश किया, यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
नदीगांव ब्लॉक कार्यालय के सामने स्थित शिव शक्ति पेट्रोल पंप पर दो अक्तूबर की रात चोर सीसीटीवी कैमरे निकालकर ले गए थे। पूरी घटना डीवीआर में कैद हो गई थी। पेट्रोल पंप संचालक विनीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
रविवार को पुलिस ने घोसीपुरा निवासी विनीत कुमार व नारायण सिंह, सिकंदरपुर निवासी संदीप पाल, व चुर्खी निवासी विष्णु गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे की हालत में पेट्रोल पंप पर गाड़ी में पेट्रोल डलवाने गए थे। आवाज देने के बाद भी सेल्समैन के नहीं आने पर गुस्से में उन्होंने चारों कैमरे निकाल लिए और वहां से भाग गए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ज्वार के खेत में फेंके गए चारों कैमरे बरामद कर लिए। थाना प्रभारी राजकुमार का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है।