कोंच की 163 वर्ष प्राचीन रामलीला सात अक्तूबर से शुरू होगी। शुक्रवार को रामलीला के मंचन के लिए मंच पूजन किया गया। इसी के साथ रंगमंच साज-सज्जा का काम शुरू हो गया। रामलीला के संचालन की बागडोर श्रीधर्मादा रक्षिणी सभा के पास है। मालूम हो कि इस रामलीला की धूम दूर-दूर तक है।
रामलीला के मंचन में जाने माने कलाकारों का अभिनय देखने आसपास के जिलों से भी लोग आते हैं। रामलीला महोत्सव के लिए शुक्रवार को मंच संरक्षक पं. ज्वालाप्रसाद दीक्षित के आचार्यत्व में पं. लल्लूराम मिश्रा ने मंच पूजन कराया। इस दौरान वेद मंत्रोच्चारण से समूचा माहौल गूंज उठा। इस दौरान माहौल भक्तिमय नजर आ रहा था।
मंच पूजन के साथ ही सीनरी विभाग ने मंच सज्जा का कार्य प्रारंभ कर दिया है। इस मौके रामलीला समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता, मंत्री सतीश राठौर, धर्मादा अध्यक्ष केशव बबेले, मंत्री राकेश अग्रवाल, एक्टर विभाग के अध्यक्ष रमेश तिवारी के अलावा चंद्रशेखर पालीवाल, संतोष तिवारी, नितिन अग्रवाल, संतोष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।