कोंच। सरकार ने भले ही गेहूं खरीद की समय सीमा 15 से बढ़ाकर 22 जून कर दी हो पर क्रय केंद्रों की संख्या में कटौती की गई है। जिले भर में 22 जून तक होने वाली खरीद के लिए पहले 24 केंद्र तय किए गए हैं। पर कोंच तहसील क्षेत्र को सिर्फ दो ही केंद्र मिले हैं। इससे किसान मायूस हैं।
बताते चलें कि कोंच तहसील क्षेत्र में गेहूं की सरकारी खरीद के लिए 11 खरीद केंद्र स्थापित किए गए थे। इन केंद्रों पर खरीद की निर्धारित अंतिम तिथि 15 जून थी। जिसमें अब तक 1.12 लाख क्विटंल गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया। पिछले दिनों भाकियू समेत कई किसान संगठनों की ओर से खरीद की तिथि 30 जून करने की मांग की गई थी। पर शासन से खरीद की अंतिम तारीख 22 जून है। इस व्यवस्था के अंतर्गत कोंच तहसील में सिर्फ दो ही केंद्र बनाए गए हैं। आरएफसी और पीसीएफ केंद्र बनाए जाने के पीछे भंडारण व्यवस्था उपलब्ध होने का तर्क दिया गया है। किसानों का कहना है कि केंद्र बढ़ाए जाने चाहिए। जिससे किसानों को अपने गांवों के आसपास ही गेहूं बेचने की सुविधा मिल सके। वहीं क्रय केंद्र प्रभारी राजीव सिंह व पीसीएफ क्रय केंद्र प्रभारी अवधलाल ने कहा है कि खरीद की समय सीमा एक सप्ताह के लिए बढ़ने की समुचित जानकारी न होने के कारण भी कम किसान आ रहे हैं।