उरई। कोंच कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घमूरी निवासी स्कूल कर्मी जितेंद्र अहिरवार (45) की हत्या मामले में बसपा के पूर्व विधायक अजय उर्फ पंकज अहिरवार की जमानत याचिका पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में गुरुवार को सुनवाई होनी थी। तकनीकी कारणों से सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली सुनवाई 27 नवंबर को निर्धारित की गई है। वहीं, उनके पिता एवं कांग्रेस के पूर्व विधायक रामप्रसाद अहिरवार की जमानत याचिका पर 26 नवंबर को सुनवाई होगी।
9 अगस्त की शाम कुछ लोग गंभीर रूप से घायल जितेंद्र अहिरवार को रक्तरंजित हालत में सीएचसी कोंच में छोड़कर फरार हो गए थे। अगले दिन 10 अगस्त को बेटे नितिन ने कोतवाली में पूर्व विधायक रामप्रसाद अहिरवार, उनके बेटे पूर्व बसपा विधायक अजय उर्फ पंकज, उनके बेटों अमन उर्फ विक्की, राजा उर्फ अतुल, अमित, गोविंद सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में एससी- एसटी एक्ट की धारा बढ़ाई। विस्तृत विवेचना के बाद बुधवार को पुलिस ने अमन उर्फ मिक्की, अमित, गोविंद, सलीम, अजय उर्फ पंकज और रामप्रसाद अहिरवार के खिलाफ एससी- एसटी एक्ट कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी। छह आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में ट्रायल चलाया जाएगा।