रामपुरा (जालौन)। योग करते समय पीछे से स्कूल संचालक की हत्या करने के आरोपी पिछले चार वर्ष से लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पुत्र का कहना है कि एक आरोपी तो अक्सर स्कूल में भी घुस आता था और जान से मारने की अक्सर धमकी देता था। बताया कि उन्हें मालूम था कि उसके पिता प्रतिदिन आरोपियों के गांव के पास स्थित अपने खेतों की तरफ टहलने जाते हैं। इसी के चलते घात लगाकर उन्होंने पिता की हत्या की है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के सिलउवा बुजुर्ग निवासी विद्याराम आजाद रविवार की सुबह टहलने निकले थे, खेत के पास बनी पुलिया पर बैठकर वह योग कर रहे थे, तभी हमलावरों ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर उनकी हत्या कर दी थी। मृतक के पुत्र दिनेश कुमार उर्फ रामजी ने बताया कि उनके पिता सेवानिवृत्त शिक्षक थे। इसके बाद उन्होंने तीन विद्यालयों का संचालन भी किया। वर्ष 2019 में पिता ने रामखिलावन को एक विद्यालय से प्रधानाचार्य के पद से शिकायतों के चलते हटा दिया था।
तब से वह नाराज हो गया था। जबकि शिक्षक रामचरन भी किसी खुन्नस में सेवानिवृत्त होने के बाद रामखिलावन से मिल गया। बताया कि दोनों आरोपी लगातार उसके पिता को पिछले चार साल से जान से मारने की धमकी दे रहे थे। उनका मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। बताया कि आरोपी रामचरन कई बार स्कूल के अंदर घुस आया और उसके पिता से गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी।