फोटो- 10 खाद्य सामग्री का नमूना भरती टीम। संवाद
उरई। खाद सुरक्षा विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को जालौन और माधौगढ़ तहसील क्षेत्र में दुकानों की जांच की। इस दौरान साबूदाना, किशमिश और बेसन के लड्डू समेत चार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। एक रेस्टोरेंट में कमियां मिलने पर नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा जिले में संचालित केला पकाने वाले पांच केंद्रों का निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. सीआर प्रजापति के नेतृत्व में अभियान चलाया जा रहा है। जालौन तहसील क्षेत्र में कुठौंद के औरैया रोड स्थित राठौर किराना स्टोर से साबूदाना, मदारीपुर के मां किराना स्टोर से किशमिश और सहाव स्थित गौरी मिष्ठान भंडार से बेसन के लड्डू का नमूना लिया गया। वहीं, माधौगढ़ तहसील के रामपुरा कस्बे में किला रोड स्थित भैरव मिष्ठान भंडार से भी बेसन के लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। टीम ने शेखपुर बुजुर्ग स्थित सेंगर फैमिली रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान मिली कमियों के आधार पर संचालक को नोटिस जारी किया गया।अभियान के तहत उरई के फैक्ट्री एरिया स्थित मेसर्स इंडियन इंटरप्राइजेज और गौरी ट्रेडिंग कंपनी, जालौन के डायमंड इंटरप्राइजेज, राइन ब्रदर्स और बागवान इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया। इन केंद्रों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान कुल 11 निरीक्षण किए गए और चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।