कदौरा। पालिका ईओ व चेयरमैन ने सदर तालाब पर बन रहे नाले व बस स्टैंड चौराहे पर बन रही दुकानों का शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों का निर्माण मानक अनरूप न मिलने पर मसाले का नमूना लिया।
शनिवार को पालिका ईओ सुनील कुमार सिंह, चेयरमैन मो. जमीर आलम व ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंता बृजेंद्र कुमार ने सबसे पहले सदर तालाब पर निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाले की उसकी गुणवत्ता को परखा। उन्होंने ठेकेदार को मानक के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने नगर के रामलीला मैदान, बस स्टैंड, चतेला स्टैंड में बनाई जा रही एक सैकड़ा दुकानों का भी निरीक्षण किया।
मसाले की गुणवत्ता सही न होने पर ईओ ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदारों को चेतावनी दी साथ ही अवर अभियंता को मसाले का सैंपल जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए। पालिका ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सदर तालाब के इर्दगिर्द मिनी नाले का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि सीवर आदि का गंदा पानी तालाब में न जाए। वहीं दुकानों के निर्माण में गुणवत्ता ठीक न मिलने पर मसाले का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।