उरई। एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के पांच बदमाशों को साइबर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। ठगों के पास से लैपटॉप, दस मोबाइल, क्रेडिट कार्ड व नकदी बरामद की गई है।
साइबर थाना पुलिस को सूचना मिली कि लोगों के साथ ठगी करने वाले गिरोह के बदमाश शहर कोतवाली क्षेत्र के चुर्खी बाईपास पर भागने की फिराक में खड़े हैं। इस पर टीम ने घेराबंदी कर कर कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र के सैड़वा गांव निवासी धीरज सिंह, मंगलपुर थाना क्षेत्र के परौख गांव निवासी सुमित सिंह, सिरसाकलार थाना क्षेत्र के भगौरा निवासी उदय प्रताप सिंह, माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के हैदलपुरा गांव निवासी अमरजीत सिंह, माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मिहौनी गांव निवासी दीपक सिंह को पकड़ लिया। उनके पास से दो लैपटॉप, दो चार्जर, दस मोबाइल फोन, सात डेबिट/क्रेडिट कार्ड, नौ सिम कार्ड व 6500 रुपये बरामद हुए हैं।
टीम ने जब बरामद मोबाइल व सिम की आईएमईआई जांच एनसीआरपी पोर्टल पर की तो पता चला कि झारखंड, मध्यप्रदेश, केरल, मणिपुर, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्रप्रदेश सहित कई राज्यों में इन सिमों के ऑनलाइन ठगी करते थे। 50 से अधिक ऑनलाइन ठगी की शिकायतें उन नंबरों पर मिली हैं।
एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने कबूल किया है कि वह फ्रेशरवर्ल्ड डॉट कॉम, शाइन कॉम और क्विकर डॉट कॉम जैसी वेबसाइट से नौकरी चाहने वालों का डाटा खरीदते थे। इसके बाद फर्जी सिम कार्ड से कॉल व मैसेज भेजकर युवकों से संपर्क करते थे। एयरपोर्ट व अन्य प्रतिष्ठित जगहों पर नौकरी दिलाने का लालच देकर उनसे रजिस्ट्रेशन, मेडिकल, यूनिफार्म और ट्रेनिंग के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेते थे। ठगी करने के बाद वे इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड तोड़कर फेंक देते थे।