कालपी कोतवाली में खुलासा करते सीओ
- फोटो : ORAI
कालपी (जालौन)। नगर के मोहल्ला राम चबूतरा नई बस्ती में 19 नवंबर को ट्रैक्टर मिस्त्री बाबू खां (45) की हत्या उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने यह खुलासा करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, बीते दो साल से दोनों में प्रेम प्रसंग चल रहा था। हत्या से पहले महिला ने पति को नशे की गोली दी थी और फिर दोनों मिलकर उसे मार डाला।
बुुधवार को कोतवाली के मीटिंग हॉल में क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि 19 नवंबर की रात घर में ट्रैक्टर मिस्त्री बाबू खां पुत्र कल्लू खां की पत्थर व चाकुओं से हत्या कर दी गई थी। उसकी पत्नी नगीना ने चार लोगों के खिलाफ कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। प्रभारी निरीक्षक शिवगोपाल सिंह मामले की विवेचना कर रहे थे।
पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल व घटना स्थल पर एकत्रित साक्ष्यों के आधार पर मु.जावेद निवासी ग्रामीण महजहमी गली थाना बिंदकी को बाबू खां की पत्नी नगीना के साथ चौरासी गुंबद के पास मंगलवार शाम दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या मे प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि नगीना ने पहले बाबू खां को रात में नशे की गोली दे दी थी। बाद में दोनों ने पत्थर और चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी। दोनों को गिरफ्तार कर के जेल भेज दिया गया है।