उरई। डीसीए जालौन की ओर से पुलिस लाइन क्रिकेट ग्राउंड पर चल रहे तीसरे स्वर्गीय यशोदा नंदन सिरोठिया स्टेट लीग टूर्नामेंट में शुक्रवार को फिरोजाबाद ने शानदार बल्लेबाजी की बदौलत जालौन को छह विकेट से हराया। फिरोजाबाद के अविनाश को मैन ऑफ द मैच दिया गया।
टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला करने वाली फिरोजाबाद की टीम ने शुरुआत से ही सटीक गेंदबाजी की। जालौन की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 111 रनों तक ही पहुंच सकी। जालौन के सुजल ने 33, उत्कर्ष ने 14 व नवनीत यादव ने 12 बनाए। फिरोजाबाद की ओर से ब्रजनंदन गौतम ने 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट, मोहित गुर्जर व राहुल यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए।
111 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए फिरोजाबाद ने आक्रामक अंदाज अपनाया और मात्र 8.4 ओवर में चार विकेट पर 114 बनाकर मैच को एकतरफा कर दिया। टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज अवी (42 रन, 23 गेंद) ने धुआंधार बल्लेबाजी की, जबकि कप्तान तनिष्क यादव ने 7 गेंदों में 21 रन ठोककर रनों की रफ्तार और तेज कर दी। अंत में गोपाल चाहर ने 5 गेंदों पर 20 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। जालौन की ओर से कप्तान सागर ने 2, सुजल, विष्णुकांत ने 1-1 विकेट लिया।
दूसरे मैच में जौनपुर ने जालौन को छह विकेट से हराया। मैच में नवनीत पटेल मैन ऑफ द मैच बने। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जालौन की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 192 बनाए। टीम की ओर से आयुष भदौरिया ने 46 गेंदों में 102 रन की धमाकेदार पारी खेली। इसमें 15 चौके और 4 छक्के शामिल थे। कप्तान सागर ने 30,उत्कर्ष 28 रनों का अहम योगदान दिया। जौनपुर के लिए पीयूष यादव ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट लिए। शिवम यादव को भी तीन सफलताएं मिलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जौनपुर की टीम की शुरुआत तेज रही।
नवनीत पटेल ने 34 गेंदों में 75 रन (7 चौके, 6 छक्के) की पारी खेली, कप्तान आकाश सिंह ने नाबाद 51 रन बनाकर टीम को 17.1 ओवर में ही चार विकेट पर 193 रन के साथ विजय दिला दी। शीर्षक्रम से आयुष ने भी 12 गेंदों में 30 रन जोड़े। जालौन की ओर से आशीष ने 2 विकेट लिए, लेकिन बड़ी साझेदारियों को रोकना कठिन साबित हुआ। इस दौरान यूपीसीए के निदेशक श्यामबाबू, सचिव विकास कुमार शर्मा, विनय कुमार सिंह, हरेंद्र विक्रम सिंह, सुरेश निरंजन भैयाजी, अभय सिंह, रिक्की सिंह, सागर यादव, अभय सिंह आदि रहे।