कदौरा (उरई)। कस्बे के हमीरपुर-जोल्हूपुर हाईवे किनारे स्थित टायर की दुकान में मंगलवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे हाईवे पर आवागमन ठप हो गया। स्थानीय लोगों ने आग की सूचना फायर बिग्रेड व पुलिस को दी। फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर व बाहर रखा सामान जल कर खाक हो गया। दुकानदार के अनुसार उसका सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
कस्बे के मोहल्ला मुमताजाबाद के रहने वाले फरीद बेग हमीरपुर जोल्हूपुर हाईवे पर अस्थाई टायर की दुकान खोले है। रोज की तरह देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। देर रात उसकी दुकान में अचानक आग लग गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता तब तक आग विकराल हो गई। आग इतनी भीषण थी कि करीब एक घंटे तक हाईवे बाधित रहा। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सूचना पर पहुंचे फरीद बेग दुकान का नजारा देख बदहवास हो गया। फरीद बेग ने पुलिस को बताया कि उसने कर्ज लेकर दुकान में सामान भरा था। दुकान में पांच टायर ट्रक के नए, 80 टायर पुराने, हवा टंकी, इंजन, कंप्रेशर, टायर खोलने वाली मशीन सहित अन्य सामान जल गया है।
उसने बताया कि आग से करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकतर टायर ट्रक चालकों के रखे हुए थे। बुझने के बाद पुलिस ने हाईवे खुलवाया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दुकानदार द्वारा अभी तक तहरीर नहीं दी है न ही आग को लेकर किसी पर आरोप लगाए है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम कौशल कुमार ने कहा कि आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है मुआवजा दिलाया जाएगा।