दुकान में बचा सामान तलाशते कर्मचारी।
- फोटो : Amar ujala
कोतवाली क्षेत्र के नदीगांव रोड स्थित हार्डवेयर की दुकान में सोमवार रात करीब डेढ़ बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। जिसमें करीब 25 लाख का माल जल कर राखहो गया। इलाकाई लोगों ने दुकान मालिक को घटना की सूचना दी। दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान राख में तब्दील हो गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
नगर के व्यवसायी हरीशंकर अग्रवाल दतियाबाले के बेटे संजय की हार्डवेयर की दुकान नदीगांव रोड पर गल्ला मंडी गेट के सामने स्थित है। दुकान में पीवीसी पाइप, सबमर्सिबल आदि सामान रखा था। बीती रात दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान के सामने ही इनका एक और मकान है। जिसमें कर्मचारी लेटते हैं।
उन कर्मचारियों ने जब दुकान से धुआं उठता देखा तो तत्काल मालिक को फोन पर सूचना दी। फायर सर्विस और कोतवाली पुलिस को भी सूचना दी। मौके पर दुकान मालिक व दमकल कर्मी भी पहुंच गए और आग बुझाई लेकिन तब तक दुकान का सामान जलकर राख हो गया। कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग से करीब 25 लाख का नुकसान होने का अनुमान है।