कालपी। शॉर्ट सर्किट से कागज फैक्टरी में आग लग गई। लपटें देख कर्मचारियों ने दमकल को सूचना दी। दो दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक फैक्टरी में रखा कागज, गूदड सहित करीब साठ लाख का सामान जलकर राख हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के कर्बला रोड स्थित उरई निवासी शाने हैदर की कागज फैक्टरी है। गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से फैक्टरी में आग लग गई। फैक्टरी मालिक और कर्मचारी जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे फैक्टरी में रखा कागज व गूदड़ जलने लगा। सूचना पर दमकल कर्मी व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया।
इसी बीच अचानक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे गूदड़ व मशीनें जलने लगीं। एक गाड़ी जब आग पर काबू नहीं कर पाई तब पुलिस ने इसकी जानकारी आलाधिकारियों को दी। इस पर कानपुर देहात से एक दमकल गाड़ी और पहुंची। इसके बाद दोनों गाड़ियों ने करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया। मालिक शाने हैदर ने बताया कि आग से करीब साठ लाख का नुकसान हुआ है।