शहर कोतवाली क्षेत्र में लैंप गिरने से घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर करीब डेढ़ लाख का नुकसान हो गया। पीड़ित का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी दमकल करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची, जिससे घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। पड़ोसियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। दमकल के देरी से पहुंचने पर पास पड़ोस के लोगों में रोष है। कहा कि वह दमकल कर्मियों की शिकायत एसपी से करेंगे। वहीं, घटना के बाद भी न तो लेखपाल मौके पर पहुंचे और न ही अफसरों ने कोई सुध ली।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला राजेंद्र नगर नैना पैलेस के पीछे रहने वाले होरीलाल अहिरवार पुत्र बलदेव के मुताबिक रविवार रात बिजली आने के चलते वह लैंप जलाकर सो रहा था, तभी अचानक लैंप गिर पड़ी। वह कुछ समझ पाता, इसके पहले देखते ही देखते आग लग गई। आग आग देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और उसने परिजनों को साथ लेकर जान बचाई। आग से इलाके में भी हड़कंप मच गया और पास पड़ोस के लोगों की भीड़ लग गई।
लोगों ने आग की सूचना फायर ब्रिगेड को देकर बुझाना शुरू कर दिया। पड़ोसियों ने मिट्टी, पानी और धूल डालकर आग को काबू करने का प्रयास किया, लेकिन जब तक दमकल पहुंचती, तब तक आग से सारा सामान जलकर स्वाहा हो चुका था। पीड़ित के मुताबिक आग से मंगलसूत्र, कान के बाल, कमरपेटी, कपडे़, बर्तन के अलावा करीब 45 से 50 हजार रुपये जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग से कीमती कपडे़ के अलावा खाने, पीने का सामान भी जलकर राख हो गया। पीड़ित व पड़ोसियों ने बताया कि सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद फायर स्टेशन कर्मचारी मौके पर पहुंचे। यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो आग पर काबू किया जा सकता था। इस पर लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि वह पुलिस अधीक्षक से मिलकर लापरवाह दमकल कर्मियों की शिकायत करेंगे।