कालपी। बीते दो दिनों के भीतर प्रशासनिक टीम ने बिना वैध खनिज प्रपत्रों के मौरंग ढो रहे 24 ट्रक मालिकों और चालकों के खिलाफ मौरंग चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दो दिन पूर्व उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने इटौरा-चंडोत मार्ग पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सीओ अवधेश कुमार सिंह, एआरटीओ और खनिज विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच में 14 ट्रक बिना खनिज प्रपत्रों के मौरंग का परिवहन करते पकड़े गए। खनिज लिपिक की ओर से आटा थाना में सभी ट्रक मालिकों और चालकों के खिलाफ मौरंग चोरी का मामला दर्ज कराया गया।
शुक्रवार को जोल्हूपुर से वरही बंबा मार्ग तक की गई आकस्मिक चेकिंग में 10 ट्रक बिना वैध खनिज प्रपत्रों के मौरंग का परिवहन करते पाए गए। खान निरीक्षक कुलदीप राम की तहरीर पर जब्त किए गए सभी ट्रकों के मालिकों और चालकों के खिलाफ मौरंग चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।