कालपी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरहना आलमगीर में मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ कथित रूप से आपत्तिजनक हरकत किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में एक आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी गौरव पटेल द्वारा लगवाई गई एक होर्डिंग में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर भी लगी थी। आरोप है कि गांव का समीर तस्वीर पर गोबर लगाता दिखाई दिया, जबकि जितेंद्र यादव ने इस घटना का वीडियो बनाया। बाद में यह वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने पर गौरव ने कालपी कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने समीर और जितेंद्र यादव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जितेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, समीर की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार समीर के घर पर ताला लगा मिला है। बताया जा रहा है कि उसका परिवार छत्तीसगढ़ में रहकर मजदूरी करता है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है और दूसरे की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।