कोतवाली में संचालकों की बैठक लेते एएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
कोचिंग में छात्राआें के साथ कोई अभद्रता या छेड़खानी की वारदात न हो इसके लिए एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य ने स्थानीय कोतवाली में कोचिंग संचालकों के साथ शुक्रवार को बैठक की। उनको कोचिंग सेंटर के क्लास रूम व बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। कहा कि इससे संदिग्धाें की पहचान में पुलिस को मदद मिलेगी। उन्हाेंने यह भी कहा कि
अगर कोई अराजकतत्व कोचिंग या आसपास अराजकता करता है तो संचालक पुलिस की मदद ले सकते हैं। पुलिस ऐसे शोहदाें को सबक सिखाएगी। सीओ जंगबहादुर सिंह ने कहा कि पुलिस यह व्यवस्था करने जा रही है कि कोचिंग के आसपास सादा कपड़ों में पुलिस मौजूद रहेगी। इससे शोहदाें पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं, कोतवाल संजय गुप्त ने कहा कि
छात्राएं बिना झिझक के छेड़खानी करने वाले शोहदाें की शिकायत पुलिस से करें। पुलिस उनका नाम गुप्त रखकर आरोपियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। इस दौरान शहर में संचालित कोचिंग सेंटर के प्रबंधक मौजूद रहे और उन्हाेंने पुलिस को सहयोग देने की बात कही है।