साथियों के साथ पिकनिक मनाने गए पिता-पुत्र सलाघाट पर बेतवा नदी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची कोटरा थाना पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नदी में उतारा। काफी खोजबीन के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम है।
जानकारी के अनुसार एट थाना क्षेत्र के धगुवा कलां गांव निवासी राकेश पटेल (40) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमरिया कोंच में फार्मेसिस्ट थे। सोमवार को वे अपने बेटे ऋषभ (18) और अन्य साथियों के साथ बेतवा नदी के सलाघाट पर पिकनिक मनाने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ऋषभ कपडे़ उतारकर पहले नहाने लगा। गहराई अधिक होने की वजह से वह नहाते वक्त डूबने लगा।
ऋषभ को डूबता देखकर वहां चीख-पुकार मच गई। बेटे को डूबता देख राकेश ने नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव अधिक होने की वजह से दोनों नदी में डूब गए। यह देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना कोटरा थाने में दी गई तो थानाध्यक्ष फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने नदी में गोताखोरों को उतारा।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पिता-पुत्र की मौत की खबर घरवालों को दी तो वहां भी कोहराम मच गया। बदहवास हालत में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।