कदौरा। पिता बोला... तुम बर्बाद कर दोगे तो बेटे ने जंगल में बबूल के पेड़ से उसी की छाल का फंदा बनाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि गोल-गप्पे के धंधे में रुपये बर्बाद कर देने पर पिता ने उसे डांट दिया था। पुलिस जांच में जुटी है।
कदौरा थाना क्षेत्र के मदरालालपुर गांव निवासी रविंद्र निषाद (18) ने बुधवार की रात जंगल में लगे बबूल के पेड़ से छाल का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार सुबह जब कुछ चरवाहे वहां पहुंचे तो उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि रविंद्र माता-पिता के साथ कानपुर में रहकर गोल-गप्पे का धंधा करता था। कुछ दिन पहले उसने परिजनों से कहा कि वह अलग ठिलिया लगाएगा। इस पर पिता ने घर की तीन भैंसों को बेचकर उसे पूरा सामान दिलवा दिया।
इसके बाद भी वह मन लगाकर काम नहीं कर रहा था। इससे उसका धंधा नहीं चल रहा था। रविवार को पिता ने उससे कहा कि तुम अब कुछ नहीं करोगे, लेकिन सभी लोगों को बर्बाद जरूर कर दोगे। इस बात से वह नाराज हो गया और गांव चला आया। बुधवार की रात वह घर से निकल गया और उसने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि रविंद्र दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से मां माया देवी बहन सीता सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी प्रभात सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।