उरई। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) के तहत लाभार्थियों के गोल्ड कार्ड बनाने के काम में तेजी लाएं। यह निर्देश सोमवार को कलक्ट्रेट में योजना की समीक्षा करते हुए डीएम मन्नान अख्तर ने स्वास्थ्य अफसरों को दिए।
डीएम ने कहा कि जिले में 1.05 लाख परिवारों में अब तक 34309 परिवारों को अब तक गोल्डन कार्ड जारी किए गए हैं। प्रदेश में जिले की स्थिति 26वें स्थान पर है।
इसे बेहतर करने के लिए प्रयास करें, ताकि जिला कार्ड बनाने में प्रदेश के अंदर पहले स्थान पर आ जाए। इसलिए दिसंबर माह में कार्ड बनाने का अभियान जारी रखें।
डीपीसी डॉ.आशीष झा ने बताया कि योजना के तहत जिले में अभी 67.34 प्रतिशत परिवारों को आच्छादित किया जाना है।
कदौरा ब्लॉक में सबसे अधिक 9000 गोल्डन कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए गए हैं। वहीं अकबरपुर गांव में 1200 से अधिक गोल्डन कार्ड ग्रामीणों को दिए जा चुके हैं।
गोल्डन कार्ड धारक मरीजों को इलाज मुहैय्या कराने की सूची में जालौन जिला प्रदेश में 16वें स्थान पर है। योजना के तहत जिले के राजकीय चिकित्सालयों व मेडिकल कॉलेज को मिला कर 1856 मरीजों व निजी अस्पतालों में 2166 मरीजों को इलाज मुहैय्या कराया गया है।