उरई। खेत पर पानी लगा रहे किसान की अचानक हालत बिगड़ गई, जिससे वह अचेत होकर खेत में ही गिर पड़ा। आसपास खेतों में मौजूद लोगों ने किसान को पड़ा देखा तो इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे उसे लेकर नजदीक के अस्पताल लाए। जहां उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर राजकीय मेडिकल कालेज उरई आए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चुर्खी थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी किसान राममूरत सिंह (48) मंगलवार की देर शाम खेत पर पानी लगाने गया था, जहां उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत होकर खेत में ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद खेतों में काम कर रहे किसानों ने उसे पड़ा देखा तो दौड़कर मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना परिजनों को दी। आनन-फानन में पहुंचे परिजन उसे लेकर पीएचसी चुर्खी पहुंचे। उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कालेज आए। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। वहीं, पत्नी पुष्पा, दो बेटे सचिन व सुनील का रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि किसान के नाम सिर्फ तीन बीघा खेती थी। राममूरत के 80 वर्षीय पिता जगदेव ने बैंक से तीन लाख का कर्ज भी ले रखा था, जिससे जिम्मेदारी भी उस पर थी। वहीं, बारिश अधिक होने की वजह से उसकी तिली की फसल भी खराब हो गई थी, जिसके चलते राममूरत परेशान रहता था।