फोटो -01 सोप्ता में चकबंध निर्माण कार्य में टीबी स्क्रीनशॉट के जरिए मजदूर किरन देवी की लगी हाजि
माधौगढ़। ग्राम सोप्ता में चकबंध निर्माण कार्य में कागजों पर दिखाकर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना मजदूरों की मौजूदगी के ही टीबी स्क्रीनशॉट के जरिए मस्टर रोल (एमएमएस) में 88 मजदूरों की हाजिरी दर्ज कर भुगतान प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामला सामने आने पर एडीओ पंचायत ने सचिव से रिपोर्ट तलब की है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सोप्ता में शैलेंद्र सिंह के खेत से छोटे मुन्ना के खेत तक चकबंध निर्माण कार्य चल रहा है। अभिलेखों में इस कार्य में 88 मजदूरों के लगे होने का उल्लेख है। चौंकाने वाली बात यह है कि पंचायत मित्रों की हड़ताल के बावजूद 4 मई को किरन देवी के कार्य करने की हाजिरी दर्ज कर दी गई। किरन देवी का आईडी नंबर 003-034-003/63 बताया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत अधिकारियों द्वारा टीबी स्क्रीनशॉट लेकर मजदूरों की फर्जी एमएमएस तैयार की गई, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका बढ़ गई है।
इस मामले में पंचायत मित्र निर्मल कुमार ने बताया कि वह हड़ताल पर हैं। वहीं ग्राम सचिव विवेक गौड़ ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया हाजिरी टीबी स्क्रीनशॉट के माध्यम से पंचायत मित्र या मेठ द्वारा लगाए जाने की जानकारी मिली है। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एडीओ पंचायत बृजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सचिव को मौके पर भेजकर रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गौरतलब है कि करीब एक वर्ष पूर्व भी ग्राम सोप्ता में गूल खोदाई कार्य के दौरान मजदूरों को छाता लगाकर काम करते दिखाने का मामला सामने आया था, जिसे प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। उस समय जांच भी हुई, लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया। अब एक बार फिर सामने आई अनियमितता ने पंचायत व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।