उरई। अनलॉक के दौरान बाजार खुलने का समय काफी कम होने से परेशान जिले के व्यापारियों के लिए अच्छी खबर है। जिला प्रशासन ने व्यापारियों की मांग पर बाजार खोलने के समय को बढ़ा दिया है। अब बाजार सुबह 10 बजे से लेकर शाम छह बजे तक खुलेंगे, जिससे व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी।
बता दें कि जब से शासन ने अनलॉक-3 की गाइड लाइन जारी की थी, तब से जिले के बाजार को खोलने के लिए जिला प्रशासन ने सुबह नौ बजे से लेकर शाम 4 बजे तक की अनुमति दी थी। व्यापारी लगातार इस समय को लेकर नाखुश थे और वह शाम के बंद के समय को बढ़ाने की मांग कर रहे थे। हाल ही में कई व्यापारी नेताओं ने जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन भी दिया था। व्यापारियों की समस्याओं व हो रही परेशानी को देखते जिला जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने समय बढ़ाने के निर्देश दिए है।
निर्देश मिलते ही अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए है कि वह अपने क्षेत्र में व्यापारियों को सुबह 10 बजे से लेकर शाम छह बजे तक बाजार खोलने की अनुमति दें। जिला प्रशासन के इस फैसले से व्यापारी काफी खुश है। व्यापारियों का कहना है कि भीषण गर्मी में दोपहर में कोई ग्राहक नहीं आते थे और जैसी शाम होती थी, तो बाजार बंद करने का समय हो जाता था। शाम का समय बढ़ाने से व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी।
जालौन एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला ने जानकारी देकर बताया कि एडीएम पीके सिंह के निर्देश पर बुधवार से नगर का बाजार सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक खुलेगा। वहीं, साप्ताहिक लॉकडाउन में अभी कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। साप्ताहिक लॉक डाउन पूर्व की भांति ही शनिवार व रविवार को रहेगा। इस दौरान मेडिकल व दूध की दुकानों के अलावा किसी भी प्रकार के व्यवसायिक प्रतिष्ठान नहीं खोले जाएंगे।