हिंदू युवा वाहिनी ने गुरुवार को शहर में जुलूस निकालकर बीते दिनों मुहारी में हुए गौ हत्या की घटना पर आक्रोश जताया। बाद में डीएम रामगणेश को ज्ञापन सौंपकर गौ हत्या के दोषी लोगों पर रासुका की कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान कहा कि घटना में लिप्त सभी आरोपियों और इनके संरक्षण देने वालों को गिरफ्तार किया जाए। ज्ञापन में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग भी की गई। शहर के सत्कार गेस्ट हाउस में सुबह 11 बजे हिंदू युवा वाहिनी के पदाधिकारी एकत्रित हुए।
यहां से जिला संयोजक बृजेश कोबरा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और समर्थकों ने मुहारी में हुए गौकशी मामले पर आक्रोश जताते हुए जुलूस निकाला। जुलूस डीवी डिग्री कालेज से होता हुआ माहिल तालाब, घंटाघर, शहीद भगत सिंह चौराहा, अंबेडकर चौराहा, जिलापरिषद तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा।
यहां पर पदाधिकारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी गौ हत्यारों पर रासुका के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। कलेक्ट्रेट में राजा गधेला ने कहा कि इतनी बड़ी घटना बगैर किसी के संरक्षण के कोई नहीं कर सकता। इस मामले में जिला प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी होगी।
इसके बाद डीएम रामगणेश को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर पुष्पेंद्र सिंह सेंगर, अन्नू शर्मा, प्रेम बिहारी महाराज, सोनू चौहान, आकाश ठाकुर, शिवशंकर बाथम, विपिन चौहान, अन्नी सिंह आदि मौजूद रहे।